आज मन में उमंगों का सैलाब है,
आज शब्द नहीं, कलम के साथ एहसास है।
रुक जाती है कलम, सोचता हूँ क्या लिखूँ,
ज़िंदगी आज खुद में ही एक खूबसूरत किताब है।
मन कमल की पंखुड़ियों-सा खिल रहा है,
आज दिल और दिमाग एक सुर में मिल रहा है।
न किसी की याद है, न कोई इंतज़ार है,
आज मेरा मन मुझमें ही सिमट रहा है।
फिर भी खोजता हूँ शब्दों की दुनिया में,
कुछ अनकहे एहसास अपनी ही दुनिया में।
आज शब्द भी मुझसे रूठे-रूठे लगते हैं,
जज़्बात हैं इतने कि अल्फ़ाज़ कम पड़ते हैं।
ठंडी-ठंडी हवाएँ कोई गीत सुना रही हैं,
कलियाँ भी खिलने को बेताब नज़र आ रही हैं।
पत्तों की सरसराहट में संगीत घुल रहा है,
प्रकृति का हर कण मुझसे कुछ कह रहा है।
न कोई शिकवा है, न कोई शिकायत है,
न दिल में बेचैनी, न मन में बगावत है।
जलधारा भी आज कितनी शांत बह रही है,
जैसे मेरी ख़ामोशी से कोई बात कह रही है।
इबादत का रिश्ता अब रूह तक उतर गया,
बिन कहे ही मेरा संदेश वहाँ तक पहुँच गया।
न लफ़्ज़ों की ज़रूरत, न कोई फरियाद है,
आज मेरी ख़ामोशी में भी एक संवाद है।
आज खुद से मिला हूँ, खुद में खोया हूँ,
न जाने कितने अरमानों को फिर से संजोया हूँ।
ऐ ज़िंदगी! आज तुझसे बस इतना कहना है,
तेरे हर रंग में मुझे यूँ ही मुस्कुराते रहना है।
आज न मंज़िल की तलाश है, न रास्तों की फ़िक्र,
आज मेरा मन ही मेरा आकाश है।
कलम थम भी जाए तो क्या ग़म है,
आज ख़ामोशी भी मेरी सबसे खूबसूरत रचना है।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X