मेरी अनुभूति, मेरी प्यारी बिटिया,
तू ही तो है मेरे जीवन की सबसे सुंदर कविता।
तेरे आने से घर में बहार आई थी,
मेरी सूनी दुनिया में खुशियाँ मुस्कुराई थीं।
तेरी पहली किलकारी आज भी याद है,
तेरी पहली मुस्कान आज भी याद है।
तेरे नन्हे-नन्हे कदमों की आहट,
आज भी मेरे कानों में गूँजती है।
कब तू मेरी गोद से उतरकर,
अपने पैरों पर चलना सीख गई,
कब गुड़िया से मेरी सहेली बन गई,
कब इतनी बड़ी होकर दुल्हन बन गई।
तू मेरी अनुभूति है, मेरी अनुभूति ही रहेगी,
तेरे नाम से मेरी हर खुशी महकती रहेगी।
ईश्वर से बस इतनी-सी प्रार्थना है,
तेरे जीवन में प्रेम की बरसात रहे,
तेरे चेहरे पर सदा खिलती मुस्कान रहे,
तेरा हर आने वाला कल खुशियों के नाम रहे।
खुश रह मेरी बिटिया, आबाद रह,
तेरे जीवन में सदा खुशियों की सौगात रह।
मेरी उम्र भी तुझे लग जाए,
मेरी हर दुआ तेरे काम आए।
तुझे जन्म दिया, तुझे पाला, तुझे बड़ा किया,
आज तुझे दुल्हन बनते देख मेरा जीवन धन्य हुआ।
मन में हजारों भाव उमड़ रहे हैं,
कुछ खुशी के, कुछ बिछड़ने के।
एक ओर तेरे नए सफर की खुशी है,
दूसरी ओर बचपन की यादों की नमी है।
सुन बिटिया, एक बात कहूँ तुझसे,
नए रिश्तों को पूरे मन से अपनाना,
सम्मान देना और सम्मान पाना।
प्यार से अपना संसार सजाना
बेटियाँ घर छोड़ती हैं, माँ का दिल नहीं।
रिश्ते बदलते हैं, माँ का प्यार नहीं।।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X