क्या मैं इतनी गलत थी?
क्या मैं इतनी बिगड़ी थी
कि माँ-बाप ने सुधारा?
शादी हुई तो पति ने सुधारा,
रिश्तेदारों ने भी अपने ढंग से सँवारा।
जिन्हें अपनी कोख से जन्म दिया,
आज वे भी मुझे सुधारने चले हैं।
आखिर मुझमें ऐसी क्या कमी है?
या सबमें इतनी खूबियाँ हैं
कि हर किसी को मुझ पर
अपना अधिकार दिखाई देता है?
कभी बेटी बनकर समझौता किया,
कभी पत्नी बनकर खुद को बदला,
कभी माँ बनकर अपनी इच्छाएँ छोड़ीं।
हर रिश्ते में खुद को ढालती रही,
फिर भी किसी की कसौटी पर खरी न उतरी।
आज सोचती हूँ...
क्या सचमुच भगवान ने मुझे बनाकर गलती की थी,
या गलती बस इतनी थी कि
मैंने सबको खुश करने की कोशिश में
खुद को ही कहीं खो दिया?
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X