अब मुझे छोड़कर चली जाओ
अब न कोई ख़्वाब, न दौलत, न वो हसरत है बची
न दिल में जोश, न वो जुर्रत, न मोहब्बत है बची
न कोई गीत नया मेरे होठों पे बचा
न कोई नज़्म मोहब्बत की कहने को बची
तुझको देने को कोई वादा भी अब पास नहीं
तुझे पाने का इरादा भी अब पास नहीं
ज़िंदगी अब रेगज़ार हुई जाती है
हां मेरी जान ये बेकार हुई जाती है
(रेगज़ार: रेगिस्तान)
क्यों इसमें सर को खपाने के लिए बैठी हो?
कोई वादा है जिसे निभाने के लिए बैठी हो?
महकते फूल के जैसा गुल-ओ-शादाब रहो
खिलती रहो, खुशियों से तुम आबाद रहो
तुम मुझसे ही क्यों दिल लगाने के लिये बैठी हो?
(गुल-ओ-शादाब: खिलता हुआ फूल/हरा भरा)
एक गुज़ारिश है, नए रास्ते तलाश करो
नई मंज़िल, नई रौनकें तलाश करो
कम से कम अपनी ज़िंदगी में कोई रंग भरो
मेरे वास्ते ख़ुद को न यूं तंग करो
मैं गुज़िश्ता वक्त से बढ़कर और कुछ भी नहीं
तुम अब इस गुज़िश्ता वक्त से निकल जाओ
हां मेरी जान मुझे छोड़कर चली जाओ।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X