आओ कुछ यूँ दीवाली मनाएँ,
अंतर के तिमिर को भी हराएँ।
स्नेह की लड़ियाँ ऐसी पिरोएँ,
प्रेम के पावन दीप जल जाएँ।।
तम का नामो-निशान न हो,
ग़म का कोई सामान न हो।
आँगन-आँगन खुशियाँ नाचे,
द्वार-द्वार मुस्कान सजाएँ।।
मीठी यादों की रंगोली बनाएँ,
सारी कड़वाहट को भूल जाएँ।
आदर-सत्कार-प्यार के पटाखे,
खिलखिलाहटों से चटकाएँ।।
प्रफुल्लित हो तन मन हमारा,
तृप्ति का प्राणों में अहसास जगे।
श्वांस-श्वांस में आनंद रम जाए,
जीवन में नया उल्लास सजे।।
थालों में सजे स्नेह के पकवान,
हर ज़ुबाँ पे मिठास उतर जाए।
गिले-शिकवे सारे भुला कर
सब अपनों को गले लगाएँ।।
श्रद्धा से सजा लें पूजन की थाली
प्रभु के चरणों में शीश नवाएँ,
प्रार्थना के स्वर गुंजायमान हों,
सुख-समृद्धि से चेहरे खिल जाएँ।।
-अनिता दासानी,'अदा'
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X