दीप जलें, मुस्कान खिले
संध्या ने जब ओढ़ी चुनरी,
नीले अंबर के आँगन में,
दीप सजाने लगीं बेटियाँ,
अपने छोटे-से प्रांगण में।
माँ ने थाली हाथ में लेकर,
स्नेह-सुधा बरसाई है,
बेटियों के संग दीप जलाकर,
घर में दिवाली आई है।
नन्हे हाथों में उजियारा,
नयनों में सपनों की लाली,
एक दिया देहरी पर चमका,
एक दिया मन की खुशहाली।
रंगोली के रंग पुकारें,
आओ खुशियों के गीत रचें,
माटी के इन छोटे दीपों से,
जीवन के अँधियारे पोंछें।
तारों ने भी झाँक गगन से,
देखा धरती का श्रृंगार,
चाँद ठहरकर सुनने आया,
आँगन में हँसी की झंकार।
माँ की ममता दीप बनी है,
बेटी-बेटी बाती है,
एक ज्योति से ज्योति जले तो,
कितनी सुंदर पाती है।
नहीं चाहिए महल अटारी,
नहीं चाहिए वैभव भारी,
जिस घर में अपनापन बसता,
वहीं दिवाली सबसे प्यारी।
जलते रहें स्नेह के दीपक,
महके जीवन की हर डाली,
हर आँगन में हँसी उतर आए,
हर दिन हो शुभ दीपावली।
— अनिता चतुर्वेदी ‘मनस्वरा’
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X