दिलो दिमाग पर यादों की धुंध छाई है
और इस कैद से मुमकिन नहीं रिहाई है
जो सोचा गौर से तो ऐसी कोई बात न थी
कोई तो बात है जो दिल में उतर आई है
सभी की तरह से वो है कोई जिंदा पुतला
जरा सी बात ये दिल को समझ न आई है
कभी ये लगता है उसका भी यही हाल न हो
कभी ये लगता है एकतरफा ये जुदाई है
ये क्यों सिहरन है हवा छू उसे आई होगी
कोई तसव्वुर लहू की हर बूँद में समाई है
खजाने गमों के,और दर्द बेहिसाब मिले
हमें उल्फ़त में ये कितनी हुई कमाई है
ये किस ख्याल से हैं फिर चमक उठी आँखें
ये किसने यादों की चिलमन जरा हटाई है
ये शाम बीत गई,अब तो घर चला जाए
कि धुंधली चांदनी पेड़ों पे उतर आई है
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X