नीले जल से श्वेत रेत की मछली,
बन गई वो रेत की मछली।
हाथों से फिसला लहरो का पानी,
उसकी कसक किसी ने न जानी।
ज्यों सागर ने खींचा हाथ,
लहरों ने फिर छोड़ा साथ।
किनारो पर बनती सबकी तक़दीरें
वही बन गई उसकी मौत की लकीरें
नभ ने आँसू भी न बहाए,
बादल घिरे पर बरस न पाए।
लहरो का संग फिर मिल ना पाया
गया वक्त फिर लौट ना आया
हर एक साँस में थी एक आस,
हर धड़कन में थी इक प्यास।
कभी किसी को याद ना आई।
अपने घर फिर लौट ना पाई,
निर्जन-से निकेत की मछली,
बन गई वो रेत की मछली।
- अमित कुमार पांडेय"
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X