सुन सको तो सुनो मौन के स्वर,
नील गगन से संवाद कर रहे मौन शिखर!
मौन नयन कह देते हैं वह सब,
जो कभी कह नहीं पाये वाचाल अधर!
शांत खड़े हैं धीर गंभीर पर्वत,
निर्झर में गूंज रहे मौन पर्वतों के स्वर!
फूल खिले नि:शब्द उपवन में,
उनके मौन राग गा रहे रसिक भ्रमर!
बिन आहट उतरे किरण धरा पर,
मौन धूप में चमके सूर्य का प्रेम प्रखर!
निस दिन मन में होते हैं,
उद्वेलित भावनाओं के मौन महासमर!
मूक दर्शक जैसा है अंतर्मन,
किंतु उसकी मौन अनुभूति में है ईश्वर!
सुन सको तो सुनो मौन के स्वर,
शब्द सभी नश्वर हैं किंतु है मौन अमर!
-अमर सिंह
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X