जिस सभा में नारी का सम्मान,
पाँव तले कुचला जाता है,
जहाँ धर्मराज भी मौन रहें,
वहाँ धर्म स्वयं लज्जाता है।
द्रौपदी ने जब प्रश्न किया,
किस धर्म ने यह अधिकार दिया?
किस राजधर्म की मर्यादा ने,
नारी को अपमानित किया?
तब क्रोध ज्वाल बनकर उठता है,
अन्याय कहाँ चुप रह पाता है!
जब न्याय स्वयं मौन हो जाए,
प्रतिशोध जन्म ले जाता है।
गांधारी ने तब समझाया था,
क्षमा बड़ी शक्ति होती है,
क्रोध की अग्नि में जलकर तो
केवल विनाश की प्राप्ति होती है।
पर कालचक्र जब घूम गया,
कुरुवंश धूल में मिल बैठा,
सौ पुत्रों की माँ का आँचल
एक ही पल में सूना हो बैठा।
जिसने जग को क्षमा सिखाई,
वह स्वयं शोक में जलने लगी,
अपने पुत्रों के शव देखकर,
उसकी ममता प्रतिशोध बनी।
कृष्ण को भी फिर श्राप मिला,
ममता का बाँध टूट गया,
विवेक, धैर्य और क्षमा का पाठ
माँ के हृदय में छूट गया।
तब काल ने मानव से पूछा
क्यों न्याय तुम्हारा बदल गया?
दूसरों के दुख में जो पत्थर था,
अपना दुख पाकर पिघल गया!
दूसरों के घावों पर मरहम,
अपने घावों पर अंगार क्यों?
दूसरों के लिए क्षमा का पाठ,
अपने लिए प्रतिकार क्यों?
सुनो मनुज! यह धर्म नहीं,
जो अवसर देखकर बदल जाए,
जो नियम पराए द्वार बनाए,
अपने द्वार स्वयं ढह जाए।
क्षमा तभी तक शोभा देती,
जब तक न्याय सुरक्षित रहता है,
अन्याय सहना धर्म नहीं है,
यह सत्य इतिहास कहता है।
पहले अपने भीतर झाँको,
फिर जग को उपदेश सुनाना,
न्याय अगर सचमुच प्रिय है तुमको,
तो सबके लिए एक तराजू बनाना!
- डी के कनौजिया
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X