हर वर्ष की भाँति,
कालचक्र फिर एक नवीन आवरण ओढ़े खड़ा है,
और मेरी चेतना के किसी मौन कोने में
एक अधूरा संकल्प फिर से साँस लेने लगा है।
मैंने कितनी बार अपने ही स्वप्नों की
अस्थियों पर आशाओं के दीप जलाए हैं,
कितनी बार स्वयं को पाने की प्रतिज्ञा की,
और फिर संसार के कोलाहल में
अपना ही अस्तित्व विस्मृत कर आई हूँ।
यह कैसी विडंबना है—
कि मैं परंपराओं का निर्वाह करते-करते
स्वयं एक परंपरा बनती जा रही हूँ।
दूसरों की अपेक्षाओं के अनुरूप ढलते-ढलते
अपनी मौलिकता से अपरिचित होती जा रही हूँ।
मेरे भीतर भी कोई आकाश था,
जहाँ आकांक्षाओं के पक्षी विचरण करते थे,
किंतु जाने कब
उत्तरदायित्वों की अनगिनत शाखाओं ने
उनके पंखों को अपना आश्रय समझ लिया।
मैं भीड़ में सम्मिलित हूँ,
पर क्या मैं स्वयं में शेष हूँ?
मैं सबके जीवन का एक आवश्यक अध्याय हूँ,
पर अपनी ही पुस्तक में
क्या अब भी मेरा कोई स्वतंत्र पृष्ठ शेष है?
हर नववर्ष मेरी देहरी पर दस्तक देता है,
और मैं फिर एक नया स्वप्न बुन लेती हूँ।
परंतु इस बार प्रश्न स्वप्नों का नहीं,
उस निद्रा का है
जिसमें मेरी इच्छाएँ वर्षों से सुप्त हैं।
शायद अब मुझे
समय के बदलने की प्रतीक्षा नहीं करनी चाहिए,
शायद परिवर्तन की प्रथम आहट
मेरे ही भीतर कहीं बंद पड़ी है।
इस बार कोई प्रतिज्ञा नहीं,
कोई उद्घोष नहीं,
बस एक मौन विद्रोह होगा—
उस पहचान के विरुद्ध
जिसे संसार ने मेरे लिए चुना,
और उस अस्तित्व के पक्ष में
जिसे मैंने स्वयं से ही छिपा रखा है।
क्योंकि प्रश्न यह नहीं कि नया वर्ष क्या लाएगा,
प्रश्न यह है—
क्या इस बार मैं स्वयं तक लौट पाऊँगी?
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X