आप अपनी कविता सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं

बेहतर अनुभव के लिए एप का उपयोग करें

विज्ञापन

पीयूष मिश्रा से एक मुलाक़ात: दर्द की बारिशों में हम अकेले ही थे...

पीयूष मिश्रा
                
                                                         
                            'दर्द की बारिशों में हम अकेले ही थे 
                                                                 
                            
जब बरसी खुशियां, न जाने भीड़ कहां से आ गई'

इंसान खुद की नज़र में सही होना चाहिए,
दुनिया तो भगवान से भी दुखी है।


इन चंद शब्दों में अपनी जिंदगी के दर्द को घोलने वाले बेजोड़ गीतकार पीयूष मिश्रा इन दिनों फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं...फोन उठाते ही कहते हैं...मैं इंटरव्यू नहीं देता क्योंकि मेरे पास कहने को कुछ होता नहीं है। मैं बोर भी बड़ी जल्दी हो जाता हूं। वैसे अब आप शेर-ओ- शायरी और कविताओं की बात कर रही हैं तो मैं आपसे बात कर लेता हूं।

अमर उजाला काव्य के साथ बातचीत में सबसे पहले पीयूष मिश्रा ने कविता के पैदा होने की वजह को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा, 'मैं आपको बताना चाहता हूं कि कविताएं लिखना कोई रॉकेट साइंस नहीं है। आप जिंदगी को कैसे जीते हैं और अपनी बात को कैसे कहते हैं और लिखते हैं वही कविता बन जाता है।'

वह आगे कहते हैं कि मेरे लिए कविता लिखना मौज-मस्ती ही है। मैं चांदनी चौक से गुज़रते हुए जब मजदूर को देखता हूं तो सिर्फ उस मजदूर को और उसकी मजदूरी की व्यथा को सोचता हूं। आम लोग उसे नज़रअंदाज़ कर देते हैं। अब आप खुद उस मजदूर की व्यथा को देखिए और लिखने की कोशिश कीजिए। आप शायद जो शब्द पिरोएं वो बहुत अच्छे हों।

मैं कभी भी सोच कर लिखने नहीं बैठता। मेरे हाथ मे कलम हो, मैं बैठा हूं तो कविता अपने आप गुनती (बनती) जाती है। मैं  लिखता जाता हूं। पांच साल की बच्ची के साथ रेप हो रहा है। आपने मेरी "हुस्ना" सुनी वह खूब पॉपुलर हुई, क्या मैंने उसमें कुछ इस दुनिया से अलग लिखा है? नहीं...वो सारे शब्द ...वो लहजा सब आम बोल-चाल की भाषा है। आप भी बोलती हैं उन शब्दो को, मैंने बस उसे अलग अंदाज़ में पिरोया है।

 

युवा गालियों से बात करता है...मैं कविताओं में कई कई बार उनके दिल की बात कर देता हूं

पीयूष मिश्रा PC: पोस्टपिकल

पीयूष ने बताया कि मुझे शेर और शायरी कहने का अंदाज़ नहीं आता है। मैं सच कहूं तो उस अंदाज़ से वाक़िफ भी नहीं हूं। मैं तो अपने अंदाज़ गढ़ता हूं और उसी में लिखता-गाता हूं और अपनी बात कहता हूं। वही बातें युवाओं को पसंद आती हैं। क्योंकि वो सारी बातें इस युवा मन की बात होती हैं। युवा गालियों से बात करता है। मैं कविताओं में कई कई बार उनके दिल की बात कर देता हूं। युवा झूमते हैं और मुझे अपने करीब पाते हैं।

मैं कोई पारंपरिक शायर या कविता लिखने वाला नहीं हूं। मैं अपने 25-30 साल के करियर में एक या दो बार ही मुशायरे में या ऐसी किसी जगह गया हूं, जहां लोग बड़े अंदाज़ में शायरी पढ़ते हैं। मेरी कविताएं जिंदगी से जुड़ी हैं। अब अगर मैं अपनी पिछले साल रिलीज़ हुई किताब की बात करूं तो "कुछ इश्क किया कुछ काम किया"  वो मेरे बीते दिनों की याद करते हुए लिखी गई। कविताओं से हर युवा खुद को जोड़ लेता है। ये कविताएं मेरी जिंदगी से ही नहीं जुड़ी हैं बल्कि इससे हर शख्स जुड़ जाता है जो निराश है, जो जिंदगी की जंग हार रहा है, जो खुद को खत्म कर देना चाहता है।

पीयूष ने बातचीत की शुरुआत में कहा था कि वो बहुत जल्दी बोर हो जाते हैं लेकिन जब बातें शुरू हुईं तो दूर तक गईं। बातों-बातों में पीयूष ने बताया कि वो एक थियेटर आर्टिस्ट हैं। उन्होंने कहा, मैं थियेटर को जीता हूं, इसी के लिए घर से भी भागा। मैं जब घर से निकला तो नहीं जानता था कि कहां जाउंगा? जिंदगी में नहीं पता था कि क्या करना है? लेकिन मैं गढ़ता गया और कविताएं बनती गईं। हां, ये जरूर है कि मैं हमेशा से अलग करना चाहता था। और शायद यही वजह है कि मेरी थियेटर की म्यूजिकल जर्नी ने मुझे बदल कर रख दिया । 
 
आगे पढ़ें

युवा गालियों से बात करता है...मैं कविताओं में कई कई बार उनके दिल की बात कर देता हूं

9 वर्ष पहले

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
विज्ञापन
X
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही

अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज
आपके व्हाट्सएप पर