आप अपनी कविता सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं

बेहतर अनुभव के लिए एप का उपयोग करें

विज्ञापन

शैलजा पाठक: अम्मा डिप्रेशन नहीं जानती

shailja pathak hindi kavita amma depression nahin janti
                
                                                         
                            अम्मा डिप्रेशन नहीं जानती 
                                                                 
                            

रात में हिचकियों से भरी मेरी देह से बेचैन हो 
गरम कपड़े से छाती सेंकती थी
एकदम से हड़बड़ाकर ढेर-सा तेल सर पर मल देती थी
सरसों के गरम तेल से तलुओं की मालिश करती 
अम्मा डिप्रेशन नहीं जानती थी

पंडित से कुंडली की किसी ग्रह दशा पर बात करती 
किसी अचानक से रखी पूजा में मेरे नाम का संकल्प लेती 
किी मंत्र को ज़ुबान पर बांधने को मानती 
न जाने किस किस को बुला कर नज़र उतरवाती 
आधी-आधी रात भरी बाल्टी का पानी मुझे सर पर डालते देख 
मंदिर में कोई जाप करने लगती 
अम्मा डिप्रेशन नहीं जानती थी 

महीना चढ़ गया क्या 
उधर घर वाले ठीक हैं न 
कोई कुछ बोला क्या 
उदर मन नहीं लगता?
कुछ नहीं बोलोगी तो पता कैसे चलेगा 
पैर टटा रहा?
छाती में दर्द?
कंधा या कमर?
ज़्यादा काम तो नहीं पड़ा गया!

मन की बीमारी से नावाकिफ़ अम्मा तो कभी न जान पाई
कि मन की भी महीन बीमारियां होती हैं
पर्स में दस हज़ार रखने 
हवाई जहाज़ से आने जाने वाली बेटियों को चेक इन चेक आउट करना 
बस चमक भर है 
इनके मन की तमाम गांठें हैं
इन्हें सही जगह चेक इन करवाने की ज़रूरत थी 

हमको कुछ समझ में नहीं आ रहा अम्मा हमको हुआ क्या है

ठीक ऐसा कहते थाम लेना चाहिए किसी को हाथ 
पीठ को सहलाना चाहिए 
और कहना चाहिए 
होता है ऐसा, कोई बात नहीं 
बुख़ार ठीक करने की तरह 
मन ठीक करने वाले भी हैं 
तुमको ले चलेंगे 
तुम ठीक हो जाओगी...



साभार - राजकमल प्रकाशन 
2 वर्ष पहले

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
विज्ञापन
X
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही

अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज
आपके व्हाट्सएप पर