आप अपनी कविता सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं

बेहतर अनुभव के लिए एप का उपयोग करें

विज्ञापन

ज्ञानरंजन मशहूर कहानी: पिता 

gyanranjan
                
                                                         
                            उसने अपने बिस्तरे का अंदाज लेने के लिए मात्र आध पल को बिजली जलाई। बिस्तरे फर्श पर बिछे हुए थे। उसकी स्त्री ने सोते-सोते ही बड़बड़ाया, 'आ गए' और बच्चे की तरफ करवट लेकर चुप हो गई। लेट जाने पर उसे एक बड़ी डकार आती मालूम पड़ी, लेकिन उसने डकार ली नहीं। उसे लगा कि ऐसा करने से उस चुप्पी में खलल पड़ जाएगा, जो चारों तरफ भरी है, और काफी रात गए ऐसा होना उचित नहीं है।
                                                                 
                            

अभी घनश्यामनगर के मकानों के लंबे सिलसिलों के किनारे-किनारे सवारी गाड़ी धड़धड़ाती हुई गुजरी। थोड़ी देर तक एक बहुत साफ भागता हुआ शोर होता रहा। सर्दियों में जब यह गाड़ी गुजरती है तब लोग एक प्रहर की खासी नींद ले चुके होते हैं। गर्मियों में साढ़े ग्यारह का कोई विशेष मतलब नहीं होता। यों उसके घर में सभी जल्दी सोया करते, जल्दी खाया और जल्दी उठा करते हैं।

आज बेहद गर्मी है। रास्ते-भर उसे जितने लोग मिले, उन सबने उससे गर्म और बेचैन कर देनेवाले मौसम की ही बात की। कपड़ों की फजीहत हो गई। बदहवासी, चिपचिपाहट और थकान है। अभी जब सवारी गाड़ी शोर करती हुई गुजरी, तो उसे ऐसा नहीं लगा कि नींद लगते-लगते टूट गई हो जैसा जाड़ों में प्रायः लगता है। बल्कि यों लगाकि अगर सोने की चेष्टा शुरू नहीं की गई तो सचमुच देर हो जाएगी। उसने जम्हाई ली, पंखे की हवा बहुत गर्म थी और वह पुराना होने की वजह से चिढ़ाती-सी आवाज भी कर रहा है। उसको लगा, दूसरे कमरों में भी लोग शायद उसकी ही तरह जम्हाइयाँ ले रहे होंगे। लेकिन दूसरे कमरों के पंखे पुराने नहीं हैं। उसने सोचना बंद करके अन्य कमरों की आहट लेनी चाही। उसे कोई बहुत मासूम-सी ध्वनि भी एक-डेढ़ मिनट तक नहीं सुनाई दी, जो सन्नाटे में काफी तेज होकर आ सकती हो।

तभी पिता की चारपाई बाहर चरमराई। वह किसी आहट से उठे होंगे। उन्होंने डाँटकर उस बिल्ली का रोना चुप कराया जो शुरू हो गया था। बिल्ली थोड़ी देर चुप रहकर फिर रोने लगी। अब पिता ने डंडे को गच पर कई बार पटका और उस दिशा की तरफ खदेड़नेवाले ढंग से दौड़े जिधर से रोना आ रहा था और 'हट्ट-हट्ट' चिल्लाए।

जब वह घूम-फिरकर लौट रहा था तो पिता अपना बिस्तर बाहर लगाकर बैठे थे। कनखी से उसने उन्हें अपनी गंजी से पीठ का पसीना रगड़ते हुए देखा और बचता हुआ वह घर के अंदर दाखिल हो गया। उसे लगा कि पिता को गर्मी की वजह से नींद नहीं आ रही है। लेकिन उसे इस स्थिति से रोष हुआ। सब लोग, पिता से अंदर पंखे के नीचे सोने के लिए कहा करते हैं, पर वह जरा भी नहीं सुनते। हमें क्या, भोगें कष्ट !

कुछ देर पड़े रहने के बाद वह उठा और उसने उत्सुकतावश खिड़की से झाँका। सड़क की बत्ती छाती पर है। गर्मियों में यह बेहद अखर जाता है। पिता ने कई बार करवटें बदलीं। फिर शायद चैन की उम्मीद में पाटी पर बैठ पंखा झलने लगे हैं। पंखे की डंडी से पीठ का वह हिस्सा खुजाते हैं जहाँ हाथ की उँगलियाँ दिक्कत से पहुँचती हैं। आकाश और दरख्तों की तरफ देखते हैं। रिलीफ पाने की किसी बहुत हल्की उम्मीद में शिकायत उगलते हैं - 'बड़ी भयंकर गर्मी है, एक पत्ता भी नहीं डोलता।' उनका यह वाक्य, जो नितांत व्यर्थ है, अभी-अभी बीते क्षण में डूब गया। गर्मी-बरकरार है और रहेगी, क्योंकि यह जाड़े-बरसात का मौसम नहीं है। पिता उठकर घूमने लगते हैं। एक या दो बार घर का चक्कर चौकीदारों की तरह हो...ओ... करते हए लगाते हैं, ताकि कोई सेंध-वेंध न लग सके। लौटकर थके स्वर में 'हे ईश्वर' कहते हुए उँगली से माथे का पसीना काटकर जमीन पर चुवाने लगते हैं।

बड़ा गजब है, कमरे की एक दीवार से टिककर बैठ जाने पर वह काफी तनाव में सोचने लगा। अंदर कमरों में पंखों के नीचे घर के सभी दूसरे लोग आराम से पसरे हैं। इस साल जो नया पैडस्टल खरीदा गया हे वह आँगन में दादी अम्मा के लिए लगता है। बिजली का मीटर तेज चल रहा होगा। पैसे खर्च हो रहे हैं, लेकिन पिता की रात कष्ट में ही है। लेकिन गजब यह नहीं है। गजब तो पिता की जिद है, वह दूसरे का आग्रह-अनुरोध मानें तब न! पता नहीं क्यों, पिता जीवन की अनिवार्य सुविधाओं से भी चिढ़ते हैं। वह झल्लाने लगा।

चौक से आते वक्त चार आने की जगह तीन आने और तीन आने में तैयार होने पर, दो आने में चलनेवाले रिक्शे के लिए पिता घंटे-घंटे खड़े रहेंगे। धीरे-धीरे सबके लिए सुविधाएँ जुटाते रहेंगे, लेकिन खुद उसमें नहीं या कम से कम शामिल होंगे। पहले लोग उनकी काफी चिरौरी किया करते थे, अब लोग हार गए हैं। जानने लगे हैं कि पिता के आगे किसी की चलेगी नहीं।
आगे पढ़ें

5 वर्ष पहले

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
विज्ञापन
X
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही

अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज
आपके व्हाट्सएप पर