आप अपनी कविता सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं

बेहतर अनुभव के लिए एप का उपयोग करें

विज्ञापन

हिंदी की सुप्रसिद्ध लेखिका और कथाकार मन्नू भंडारी का निधन  

मन्नू भण्डारी
                
                                                         
                            हिंदी की सुप्रसिद्ध लेखिका और कथाकार मन्नू भंडारी का आज 15 नवंबर को निधन हो गया है। महिलाओं की आज़ादी जैसे विषयों पर लिखने वाली और नई कहानी की सशक्त हस्ताक्षर मन्नू भंडारी की पहचान  'महाभोज' और 'आपका बंटी' जैसे उपन्यासों से है, पर कई दशकों तक  लगातार लेखन में सक्रिय रहने वाली मन्नू भंडारी ने इसके इतर दूसरे विषयों पर भी अपनी कलम चलाई है। ‘आपका बंटी’, 'मैं हार गई', 'तीन निगाहों की एक तस्वीर', 'एक प्लेट सैलाब', 'यही सच है', 'आंखों देखा झूठ' और 'त्रिशंकु' जैसी महत्वपूर्ण कृतियों के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाता रहेगा।
                                                                 
                            

उनकी लिखी एक कहानी 'यही सच है' पर बासु चैटर्जी ने 1974 में 'रजनीगंधा' फिल्म भी बनाई थी। 1979 में प्रकाशित उनका उपन्यास 'महाभोज' मील का पत्थर साबित हुआ। यह उपन्यास भ्रष्ट अफ़सरशाही, राजनीति और बिखरते हुए समाज के बीच संघर्ष करते हुए मध्यम वर्गीय आदमी की कहानी है।  3 अप्रैल 1931 को मध्य प्रदेश के मंदसौर में जन्मी मन्नू भंडारी सुप्रसिद्ध साहित्यकार राजेंद्र यादव की पत्नी थीं। दिल्ली के प्रतिष्ठित मिरांडा हाउस कॉलेज में वह लंबे समय तक पढ़ाती रहीं।

मन्नू भंडारी के निधन से साहित्य जगत् में शोक की लहर है, हिंदी के कई लेखकों और लेखिकाओं ने शोक प्रकट करते हुए प्रतिक्रिया दी है- 

"मन्नू जी के निधन ने एक निर्वात सा उत्पन्न कर दिया। माना कि वे लंबे समय से लेखन में सक्रिय नहीं थीं लेकिन उनका होना एक वटवृक्ष जैसा था जिसकी छाया हिंदी कथाजगत को घेरे थी। आज लग रहा है वह वट गिर गया। हिंदी कहानी का एक महत्वपूर्ण स्त्री स्वर शांत ज़रुर हो गया, मगर उसकी शाखाएं हम सब में से फूटेंगी।  मन्नू जी मेरी किशोरावस्था से मेरी प्रिय लेखिका रहीं हैं, फिर जब मेरी बेटी कनुप्रिया ने आपका बंटी पढ़ी और अपने कॉलेज निफ्ट के पड़ोस में उनसे मिलने जाना भी तय किया तो मैंने जाना कि मन्नू जी जैसे लेखक कैसे कालजयी होते हैं...उनकी लेखनी पीढ़ियों को छूकर गुजरती थी। मन्नू जी आप बेहद याद आएंगी।"

 -मनीषा कुलश्रेष्ठ, सुप्रसिद्ध कथाकार

हिंदी की शिखर कथाकार मन्नू भण्डारी का निधन हिंदी और समग्र भारतीय साहित्य के लिए अपूरणीय क्षति है। 90 वर्षीय जीवन में मन्नू जी ने उपन्यास और कहानी के क्षेत्र में बहुमूल्य योगदान दिया और कथावस्तु के साथ शिल्प में भी महत्वपूर्ण अवदान सम्भव किया। महाभोज, एक इंच मुस्कान और आपका बंटी जैसे उपन्यासों और आँखों देखा झूठ, मैं हार गयी,तीन निगाहों की एक तस्वीर, यही सच है और त्रिशंकु जैसी अप्रतिम कहानियों के माध्यम से उन्होंने जिस समय को रचा और जिस मानवीय विमर्श को सम्भव किया, वह अविस्मरणीय है। उनकी उपस्थिति हमारे साहित्य समाज में लंबे समय तक महसूस की जाएगी। वे उन मूर्धन्य लेखकों में रहीं जिन्होंने अपनी रचनाओं में मानवीय प्रश्नों के साथ राजनीति के अनुत्तरित प्रश्नों को भी उठाया तथा स्त्री को उसकी मुक्ति- संघर्ष के मार्ग भी दिए। उनका निधन सही अर्थों में बहुत पीड़ादायी है। उनकी स्मृति को नमन।

-ज्योतिष जोशी, वरिष्ठ आलोचक 

“मन्नू जी के बारे में सुन कर इस समय तो मन पीड़ा से भरा हुआ है। साहित्यकार अपनी रचनाओं में हमें हमेशा युवा और आशावादी मिलता है। उसकी उम्र चाहे कुछ भी हो, जब भी वह जाता है तो हम थोड़ा विपन्न हो जाते हैं। मन्नू जी के साथ तो मेरा बहुत लंबा साथ था। मन्नू जी एक बहुत बड़ी लेखक होने के साथ-साथ बहुत अच्छी मनुष्य थीं, जो आज-कल सबसे ज्यादा दुर्लभ होता जा रहा है। मन्नू जी के अंदर मानवता, उदारता, स्नेह ये सब कूट-कूट के भरे हुए थे। उन्होंने बहुत बहादुरी से अपना जीवन जिया है। लगातार उन्होंने नौकरी भी की, टीवी के लिए लिखा, फिल्मों के लिए लिखा और इतनी किताबें लिखीं। उन्होंने अपनी शर्तों पर जीवन जिया यही सबसे बड़ी बात है।”

 -ममता कालिया, वरिष्ठ कथाकार

“मन्नू जी से मेरी साहित्य से अधिक पारिवारिक ममता थी। मन्नू जी के स्वभाव में जो सरलता रही है वह हम सब को प्रभावित करती थी। उनके लेखन को साहित्य की एक तरह की यूनिवर्सिटी कह सकते हैं। उनका लिखा साहित्य एक तरह का लैंडमार्क है।”

– असगर वजाहत, वरिष्ठ कथाकार
5 वर्ष पहले

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
विज्ञापन
X
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही

अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज
आपके व्हाट्सएप पर