प्रतिष्ठित क्रॉसवर्ड बुक अवॉर्ड्स के 20वें संस्करण के लिए ‘पॉपुलर चॉइस शॉर्टलिस्ट’ की घोषणा कर दी गई है। इसमें अरुंधति रॉय, रस्किन बॉन्ड और चेतन भगत समेत कई चर्चित लेखकों की किताबें शामिल हैं। पांच श्रेणियों में कुल 25 किताबें पाठकों के वोट के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।
शॉर्टलिस्ट में अरुंधति रॉय की 'मदर मेरी कम्स टू मी' (Mother Mary Comes To Me), रस्किन बॉन्ड की 'लाइफ्स मैजिक मूवमेंट' (Life's Magic Moments), चेतन भगत की 'ट्वेल्व ईयर्स' (12 Years), अमीश त्रिपाठी की 'द चोला टाइगर्स' (The Chola Tigers) और सुधा मूर्ति की 'द मैजिक ऑफ द लास्ट ईयरिंग' (The Magic Of The Lost Earrings)जैसी किताबें शामिल हैं। इनके अलावा विश्वनाथन आनंद, वीर दास, अश्विन सांघी और अंकुर वारिकू जैसे चर्चित नामों की पुस्तकें भी सूची में जगह बनाने में सफल रही हैं।
26 अक्टूबर से शुरू हुई वोटिंग, 23 नवंबर तक मौका
पॉपुलर चॉइस अवॉर्ड्स के लिए पाठक 26 अक्टूबर से 23 नवंबर तक वोट कर सकेंगे। इस श्रेणी में विजेताओं का फैसला पाठकों के वोट के आधार पर होगा। दोनों पुरस्कार श्रेणियों—ज्यूरी अवॉर्ड्स और पॉपुलर चॉइस अवॉर्ड्स—के विजेताओं की घोषणा दिसंबर 2026 में आयोजित होने वाले अंतिम पुरस्कार समारोह में की जाएगी।
क्रॉसवर्ड बुकस्टोर्स की निदेशक निधि गुप्ता ने कहा कि पॉपुलर चॉइस अवॉर्ड्स साहित्यिक विमर्श को दिशा देने और किताबों को व्यापक पहचान दिलाने में पाठकों की भूमिका को सम्मानित करते हैं। उनके अनुसार, किसी किताब के लिए सबसे बड़ी प्रशंसाओं में से एक यह है कि कोई पाठक उसे दूसरे व्यक्ति को पढ़ने की सलाह दे।
फिक्शन और नॉन-फिक्शन में चर्चित किताबें
फिक्शन श्रेणी में रवि मंत्री की अम्माज डायरी (Amma's Diary) (तेलुगु से समीरा द्वारा अनूदित), रित्विक सिंह की आई कैन नाॅट से गुडबाय टू यू ( I Cannot Say Goodbye To You) और अश्विन सांघी की द अयोध्या एलायन्स (The Ayodhya Alliance) शामिल हैं।
नॉन-फिक्शन श्रेणी में ट्विंकल खन्ना की 'मिसेस फनीबोन्स रिटर्न्स' (Mrs Funnybones Returns), लेफ्टिनेंट जनरल के. जे. एस. 'टाइनी' ढिल्लों (सेवानिवृत्त) की ऑपरेशन सिंदूर, वीर दास की ';द आउट साइडर' को शॉर्टलिस्ट किया गया है।
कमेंट
कमेंट X