आप अपनी कविता सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं

बेहतर अनुभव के लिए एप का उपयोग करें

विज्ञापन

Book Review: चर्चा की गोलमेज पर अरुण कमल

किताब समीक्षा
                
                                                         
                            (यह समीक्षा मुकुल अमलतास द्वारा लिखी गई है )
                                                                 
                            

'चर्चा की गोलमेज पर अरुण कमल'  पुस्तक से गुजरना समकालीन कविता के एक दिग्गज कवि के समग्र व्यक्तित्व और उसकी कवि-संवेदना के बहुत पास से होकर गुजरना है। यह पुस्तक हमें साक्षी बनाता है इस बात का कि एक बुलंद लेखकीय शख्सियत कैसे बनती है, वे ईंट और गारे कौन होते हैं, वे गुणधर्म क्या हैं जो कवि-संवेदना को पोषित कर उसे दृढ़ता प्रदान करते हैं! इस पुस्तक के लेखक डॉ.ओम निश्चल जी एक ऐसे आलोचक हैं जिनकी समकालीन कविता के आरोह-अवरोह पर सदैव निगाह रहती है तथा उसके नब्ज़ को वे कभी अपने हाथों से छूटने नहीं देते। उनका मानना है कि समय कला का सबसे बड़ा मानक होता है और यह बात कविता पर भी लागू होती है। 

ओम निश्चल इस पुस्तक में पहले ही लेख से इस काल रूपी कसौटी पर इस कवि-व्यक्तित्व को कसते और परखते नज़र आते हैं। इस पूरे लेख का लक्ष्य सातवें दशक के उत्तरार्ध से, जब से अरुण कमल का काव्य संसार विस्तार पाता है, घटित उन महत्वपूर्ण घटनाओं और परिस्थितियों की पड़ताल है जिन्होंने उन्हें वैचारिक रूप से उद्वेलित कर कवि रूप में स्थापित करने में अपनी भूमिका निभाई है चाहे वह आपातकाल हो, सोवियत संघ का विघटन हो, आर्थिक सुधार, भूमंडलीकरण या फिर पूंजीवादी वर्चस्व। कवि अरुण कमल इन्हीं परिस्थितियों की उपज हैं और उनकी कविताएँ उसका प्रस्फुटन।

साठोत्तरी कविता के बड़े हस्ताक्षर अरुण कमल जी को पढ़ना एक अनूठे अनुभव से गुजरना है कुछ-कुछ ऐसा जैसे गाँव की पगडंडी पर बेफिक्र होकर विचरणा, सामने धान और सरसों की हरीतिमा देख आह्लादित होना और फिर उसी रास्ते से गुजरते आज़ादी के पचहत्तर साल बाद भी ग्रामीण समाज की दुर्गति देख खिन्न और उदास होना। अरुण कमल जी ने भले सत्तर के दशक में लिखना शुरू किया हो पर वे आठवें दशक से एक गंभीर कवि के रूप में अपनी पहचान बनाते दिखते हैं। अपनी पहले कविता संग्रह 'अपनी केवल धार' से ही वे चर्चा में आए और खूब आए। उनकी कविता की यह धार आगे भी कायम रही और समय बीतने के साथ उस पर और सान चढ़ता गया और उसकी तीक्ष्णता कभी भोथड़ी न हुई, तभी तो लेखक ने उन्हें कविता का कामगार कहा है। उनकी कविताओं में प्रेम का रोमांच और जज्बात भले न हो पर वह ऐसी उर्वर भूमि की तरह हैं जिसमें दीन दुखियों की संवेदना के अँकुर फूटते हैं।

'उत्तर जीवन की धूप' में लेखक ने अरुण कमल की विभिन्न संग्रहों की कविताओं का उद्धरण देते हुए उनकी कविता के स्थापत्य को समझने का प्रयास किया है। वह कहता है कि अरुण कमल भले ही वामपंथी विचारधारा के समर्थक हों पर वे एक ऐसे कवि हैं जिन्होंने अपनी वैचारिक पेशबंदी को कभी भी कविता के स्थापत्य में आड़े नहीं आने दिया और जिसे सच्चे अर्थों में प्रगतिशीलता कहते हैं उसे अपने कवित्व विवेक में अहमियत दी। आज जब सांप्रदायिकता और राष्ट्रवाद का बोलबाला है;  ऐसे परिदृश्य में भी वे अपनी कविताओं के माध्यम से धर्मांध शक्तियों की पहचान करने के साथ-साथ प्रगतिशीलों की भी जांच-जिरह करते नजर आते हैं। यह एक ऐसा कवि है जो मनुष्य को उसके रंग, वर्ण, जाति, संप्रदाय से अलग सिर्फ एक मानवीय इकाई के रूप में देखता है, हाशिए पर पड़ी आवाज को सुनता है और उसे अभिव्यक्त करना ही अपना कवि धर्म मानता है। लेखक कई कवियों के अलावा अरुण कमल के समवर्ती और समान प्रदेश में निवास करने वाले आलोक धन्वा और ज्ञानेंद्रपति की कविताओं तथा उसके गुणधर्मों के साथ उसकी कविताओं की तुलना करता भी नज़र आता है। 

लेखक कवि के इस विचार को बार-बार उद्धृत करता है कि जब देश में कोई विपक्ष ना बचा हो तब कविता ही विपक्ष का मोर्चा संभालती है, कविता जीवन का अंतिम मोर्चा, अंतिम चौकी है और निष्कर्ष यह कि यह कवि धन की तरफ ले जाने वाली सफलता का पक्षधर नहीं,  चेतना के स्तर पर उत्कर्ष और उदारता का हिमायती है। लेखक कहता है कि भले दुनिया मानती हो कि मार्क्सवादी विचारधारा मर चुकी है परंतु जब तक दुनिया में भूख है, गरीबी है, पूंजीवाद और वर्गभेद का विरोध कैसे बंद हो सकता है ।  प्रतिरोध का स्वर तो उठता ही रहेगा। कवि की यह कविता प्रतिरोध और प्रतिपक्ष की आवाज नहीं तो और क्या है -

   नहीं यह चुप बैठने का समय नहीं 
   संभालो अपने टूटे बिखरे औजार
   हमारे हथियार कमजोर हैं पर पक्ष मजबूत 
   चारों तरफ से फिर उठ रही है वो पुकार 
   नए कंठों से  
   नहीं आत्महत्या नहीं ओ विदर्भ तेलंगाना के किसानों 
   उठो और छूरी की धार को उलट दो 
   धर्मो, जातियों, बोलियों में बंटे लोगों 
   देखो कि सबके कपड़े फटे हैं
   सब बेकार बेहाल हैं 
   सब के घाव हैं गहरे 
   रोटियां सब की छोटी हो रही है।

'एक रात जब मैं सफर में था' कविता पढ़ कर ऐसा असर होता है जैसे अंदर कुछ कट गया हो पर क्या यह पता नहीं, पाठक निर्विचार आकाश में कुछ ढ़ूँढता रह जाता है। यह कवि की व्यंजना शक्ति है जो मर्मांतक चोट करती है, अपरोक्ष रूप से गरीबी का इतना हृदय विदारक चित्र उपस्थित करना एक सिद्धहस्त कवि के ही वश की बात है। 
 
पुस्तक कवि के साथ साक्षात्कारों से संपन्न है। एक कवि के जीवन काल में ही उसे समझने के लिए उसकी रचनाओं को पढ़ने के साथ-साथ उसके साथ बैठकी कर उसको स्वयं उसी की नजर से जानने का जब प्रयत्न किया जाता है, उसकी रचना प्रक्रिया तथा उसके गूढ़ार्थ और अंतर्भाव तक पहुँचने का प्रयास किया जाता है तो यह एक बड़ा ही अनूठा और अद्भुत अवसर होता है, जिसके लिए न सिर्फ आने वाली पीढ़ी वरन इतिहास भी उस व्यक्ति का कृतज्ञ होता है जो यह अवसर पैदा करता है। ओम निश्चल जी ने यही वरेण्य कार्य किया है। इस पुस्तक के माध्यम से अब कोई भी साहित्य प्रेमी अरुण कमल के व्यक्तित्व और कृतित्व से अवगत हो सकता है तथा उनके व्यक्तित्व के विभिन्न आयामों को देख, समझ और परख सकता है। ओम जी के इस कार्य के लिए निश्चय ही हिंदी साहित्य उनका ऋणी रहेग।
आगे पढ़ें

3 वर्ष पहले

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
विज्ञापन
X
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही

अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज
आपके व्हाट्सएप पर