पूरी दुनिया में कोरोना संक्रमित मामलों की संख्या साढ़े तीन लाख से अधिक
पाकिस्तान और बांग्लादेश सेना के हवाले
कोरोना वायरस से निपटने के लिए पाकिस्तान सरकार ने सेना के जवानों को इस्लामाबाद, पंजाब, सिंध, खैबर पखतूनख्वा, ब्लोचिस्तान, गिलगिट बाल्टिस्तान और पीओके में तैनात किया है। पाकिस्तान में कोरोना वायरस के 824 मामले सामने आए है, और इससे छह लोगों की मौत हुई है।
वहीं, बांग्लादेश ने भी कोरोना से निपटने के लिए सख्त कदम उठाने का फैसला कर लिया है। देश में लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए सभी जिलेों में सेना तैनात कर दी गई है। सीमा पर चौकसी भी बढ़ा दी गई है। प्रधानमंत्री शेख हसीना मंगलवार को हालात की समीक्षा करेंगी। देश में 26 मार्च से 4 अप्रैल तक सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है।
पाक कब्जे वाले कश्मीर में क्वारंटीन सेंटर, क्षेत्रीय लोगों का प्रदर्शन
पाकिस्तान अपने वायरस संक्रमित बीमार नागरिकों के लिए अपने कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में क्वारंटीन सेंटर बनाने जा रहा है। इससे नाराज स्थानीय नागरिकों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने यहां के मुख्य सचिव के खिलाफ नारे लगाए। उनका कहना है कि पाकिस्तानी सरकार इस क्षेत्र में वायरस संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ा रही है। इसकी अनुमति नहीं दी जाएगी।
चीन वायरस फैलाने के लिए बना रहा ओबीओआर
क्षेत्रीय नेताओं ने चीन के वन बेल्ट वन रोड मिशन का भी विरोध शुरू कर दिया है। चीन इस मिशन के तहत यहां चीन-पाकिस्तान आर्थिक कोरिडोर (सीपैक) बना रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने कहा कि चीन यह रोड न केवल गिलगित, बल्कि पूरी दुनिया में कोरोना वायरस फैलाने के लिए बना रहा है। इस निर्माण कार्य में बड़ी संख्या में चीनी मजदूर लगाए गए हैं।
न्यूयॉर्क में एक दिन में 58 की मौत
अमेरिका के न्यूयॉर्क में 114 लोगों की मौत अब तक वायरस संक्रमण से हुई है, इनमें 58 एक ही दिन में मारे गए। यहां के मेयर बिल डे ब्लासियो के अनुसार न्यूयॉर्क अगले 10 दिन में जरूरी चिकित्सा सप्लाई की गंभीर कमी से गुजर सकता है। वहीं उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने बताया कि कुल 2.50 लाख नागरिकों की जांच अब तक हुई है। न्यूयॉर्क के लिए एक हजार बिस्तर, कैलिफोर्निया के लिए दो हजार और वाशिंगटन के लिए एक हजार बिस्तर के बड़े मेडिकल स्टेशन मुहैया करवाने के लिए देश की संघीय आपात प्रबंधन एजेंसी से कहा गया है।
कोरोना से लड़ाई में तकनीकी कंपनियां करेंगी सहयोग
अमेरिका में बनी प्रमुख वैश्विक तकनीकी कंपनियां आईबीएम, अमेजन, गूगल और माइक्रोसॉफ्ट ने व्हाइट हाउस के साथ मिलकर वायरस से लड़ाई के लिए कमर कसी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के सुपर कंप्यूटिंग संसाधनों को इस जंग में खोल दिया जाएगा। यहां के निजी क्षेत्र ने मास्क, वेंटीलेटर व अन्य उपकरणों के उत्पादन व सप्लाई का काम भी शुरू किया है। ट्रंप ने इस सहयोग को असाधारण बताया। निजी संस्थान व कंपनियां देश के राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान के साथ काम करेंगे।
यूएई में अगले 48 घंटे में रद होंगी यात्री उड़ानें
संयुक्त अरब अमीरात ने सोमवार को घोषणा में बताया कि वह सभी यात्री उड़ानों को अस्थायी रूप से रद करने जा रहा है। अगले 48 घंटे में यह रद्दीकरण लागू होगा। इसेदो हफ्ते के लिए बंद किया जाएगा, जिसके बाद समीक्षा होगी। केवल कार्गो और आपात बचाव के लिए उड़ानों की अनुमति होगी। यूएई में शुक्रवार को पहली बार दो लोगों की वायरस संक्रमण से मौत हुई थी। यहां अब तक 150 से अधिक मामले आ चुके हैं।
अफगानिस्तान-तालिबान में स्काइप पर वार्ता
वायरस के डर से अफगानिस्तान व तालिबान के बीच वार्ता वीडियो कॉन्फ्रेंस से हुई। इस दौरान कैदियों की अदला-बदली पर बात हुई। देश में अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि खलीजाद ने बताया कि इसके लिए स्काइब एप का उपयोग किया गया। इस दौरान हिंसा खत्म करने और वार्ता को अफगानियों के बीच ही रखने पर चर्चा हुई।
यूके व आयरलैंड में मैकडोनाल्ड ने बंद किए रेस्त्रां
वायरस के चलते मैकडोनाल्ड ने यूनाटेड किंगडम और आयरलैंड में अपने रेस्त्रां बंद कर दिए हैं। साथ ही जरूरतमंद लोगों को खाना पहुंचाने के लिए भी काम शुरू करने का ऐलान किया है। यूके में अब तक 5683 मामले सामने आ चुके हैं और 281 की मौत हुई है।
कोविड-19 महामारी तेज हो रही : विश्व स्वास्थ्य संगठन
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने सोमवार को आगाह किया कि कोविड-19 महामारी स्पष्ट तौर पर तेज गति से फैल रही है। हालांकि, संगठन ने कहा कि प्रकोप के इस रुख को बदलना संभव है। संगठन के प्रमुख टेड्रॉस गेब्रयासस ने पत्रकारों से कहा, महामारी तेज हो रही है।
उन्होंने कहा, पहले मामले से 100,000 मामले तक पहुंचने में 11 दिन लगे, दूसरे 100,000 मामले पहुंचने में भी 11 दिन लगे और तीसरे 100,000 मामले सिर्फ चार दिनों में सामने आए। लेकिन उन्होंने कहा, हम असहाय नहीं हैं। हम इस महामारी पर जीत हासिल कर सकते हैं।
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा है कि कोरोनो वायरस की महामारी के कारण टोक्यो ओलंपिक को स्थगित करना अनिवार्य हो सकता है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति पर बढ़ते दबाव के बाद उन्होंने सोमवार को माना कि कोविड-19 से खतरे को देखते हुए ओलंपिक को स्थगित करने पर फैसला किया जा सकता है।
न्यूजीलैंड में पिछले 48 घंटे में कोरोना के मामलों में दोगुनी वृद्धि हुई है। सरकार बुधवार से लॉकडाउन की तैयारियों में जुट गई है। स्कूल, व्यवसायों और सामुदायिक सेवाओं में लगे लोगों को तैयारियों के लिए दो दिन का समय दिया गया है। देश में कोरोना के मामलों की संख्या 102 से ज्यादा हो गई है।