यमुनोत्री हाईवे पर बीती बुधवार देर रात को हुई मूसलाधार बारिश से बनास के पास सड़क का करीब 15 से 20 मीटर हिस्सा धंस गया है, जिससे पैदल आवाजाही ओर खतरनाक हो गई है। एनएच विभाग के लिए बीते शनिवार को सिलाई बैंड और ओजरी के पास धंसी सड़क पहले ही मुसीबत बनी है। ऐसे में अब बनास के पास भी सड़क धंसने से मुसीबत बढ़ गई है। इससे गीठ पट्टी की करीब पांच से छह हजार की आबादी की मुश्किल बढ़ गई है। बीते शनिवार को सिलाई बैंड के समीप बादल फटने के कारण यमुनोत्री हाईवे का करीब 20 से 30 मीटर हिस्सा बह गया थ। वहीं उससे करीब एक किमी की दूरी पर ओजरी में भी सड़क का करीब 25 मीटर हिस्सा बहने के कारण बड़कोट तहसील की गीठ पट्टी के करीब 14 गांव का संपर्क तहसील मुख्यालय से कट गया है। हालांकि पिछले दो दिनों से दिन में बारिश नहीं होने के कारण पैदल आवाजाही शुरू करवाई गई, लेकिन उसके बाद भी मुसीबतें कम नहीं हुई है। बीते बुधवार को हुई बारिश से बनास के समीप भी यमुनोत्री हाईवे का करीब 15 से 20 मीटर हिस्सा धंस गया है।इससे एनएच विभाग की चुनौती ओर बढ़ गई है। हालांकि सिलाई बैंड और ओजरी में हाईवे दुरुस्त होने के बाद ही मशीने आगे जा सकती है। उसके बाद ही बनास में सड़क की मरम्मत शुरू की जा सकती है।