उत्तरकाशी के राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय मनेरी में छात्र-छात्राओं को मिल रही शिक्षा और सुविधाओं ने निजी विद्यालयों की व्यवस्थाओं को भी पीछे छोड़ दिया है। यहां हर वर्ष निजी विद्यालय को छोड़कर 10 से 15 छात्र-छात्राएं प्रवेश ले रहे हैं। जनपद के भटवाड़ी विकासखंड के दूरस्थ गांव के बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के लिए अभिभावक मनेरी में कमरे किराए पर लेकर रह रहे हैं। राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय मनेरी वर्ष 2016 में मॉडल स्कूल के लिए चयनित हुआ था। उसके बाद शिक्षा विभाग की ओर से दी गई सुविधाओं और वहां पर तैनात शिक्षकों के संयुक्त प्रयास से विद्यालय एक उदाहरण पेश कर रहा है। जहां एक ओर सरकारी विद्यालयों में छात्र संख्या घट रही है। वहीं मनेरी में हर वर्ष छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ रही है। इसका मुख्य कारण वहां पर छात्र-छात्राओं को मिल रही स्मार्ट क्लास की शिक्षा सहित अवकाश के दिन अतिरिक्त कक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए छात्र-छात्राओं को तैयार करना है। विद्यालय में वर्तमान में छात्र संख्या 150 है। स्कूल से अब तक करीब 45 से अधिक छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। यहां से पढ़े हुए बच्चे सैनिक स्कूल, हिमज्योति बालिका विद्यालय सहित नवोदय विद्यालयों में शिक्षा ले रहे हैं। साथ ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में यहां के छात्र-छात्राएं हर वर्ष प्रतिभाग कर स्थान प्राप्त कर रहे हैं। अभिभावक संघ के अध्यक्ष अनिल राणा ने इसके लिए शिक्षकों के प्रयास को सराहा। खंड शिक्षा अधिकारी हर्षा रावत का कहना है कि विद्यालय में तैनात शिक्षकों के संयुक्त प्रयास से वहां पर शिक्षा के स्तर में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा रहा है। विभाग की ओर से समय-समय पर विद्यालय का प्रोत्साहन किया जाता है।