चारधाम शीतकालीन यात्रा का संदेश देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बृहस्पतिवार को सीमांत जिले उत्तरकाशी के गंगोत्री धाम के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा और हर्षिल की यात्रा पर आ रहे हैं। गंगोत्री धाम के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा में दर्शन के लिए आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस यात्रा को लेकर बहुत उत्सुक हैं। उन्होंने एक्स पर अपनी इस उत्सुकता को साझा किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि मुखबा में पतित पावनी मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल के दर्शन को लेकर मैं बहुत-बहुत उत्सुक हूं। यह पावन स्थल अपने आध्यात्मिक महात्मय और अद्भुत सौंदर्य के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। इतना ही नहीं, यह विरासत भी और विकास भी के हमारे संकल्प का एक अनुपम उदाहरण है।