आबकारी विभाग ने यूपी से तस्करी कर शराब ला रही कार का फिल्मी अंदाज में पीछा किया। टीम से बचने की कोशिश में चालक ने कार को संकरे रास्ते पर डाल दिया। इस बीच कार वहां फंस गई। टीम से बचने की कोशिश में भागते समय आरोपी चोटिल हो गया। टीम ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। आबकारी विभाग के अनुसार कुछ दिनों से यूपी से कुछ तस्करों के सस्ती दरों पर अंग्रेजी शराब लाकर रुद्रपुर में बेचने की सूचना मिल रही थी। रविवार देर रात मुखबिर की सूचना दी कि कार संख्या यूपी 16-बीयू-5444 से ट्रांजिट कैंप के फुलसुंगा मार्ग पर शराब लाई जा रही है। रात 10:30 बजे टीम ने फुलसुंगा से ट्रांजिट कैंप की ओर आ रही कार को रुकने का इशारा किया। टीम को देखकर चालक ने वाहन को तेज गति से भगाने की कोशिश करते हुए उसे शिमला बहादुर की ओर मोड़ दिया। इस दौरान संकरी गली होने के कारण वाहन फंस गया और टीम ने घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया। इस दौरान भागने की कोशिश में चालक चोटिल हो गया और कार का पिछला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।