रुद्रपुर के रोडवेज डिपो परिसर पर किए गए आखिरी अतिक्रमण को भी परिवहन निगम ने पुलिस और राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में ढहा दिया। रोडवेज डिपो की जमीन पर कई दशक पहले 12 लोगों ने अतिक्रमण कर पक्के भवन बना दिए थे। परिवहन निगम के नोटिस जारी करने पर अतिक्रमण करने वाले लोगों ने उच्च न्यायालय में अपील की थी। हाईकोर्ट से मामला खारिज होने पर परिवहन निगम ने 10 अतिक्रमण बीते वर्ष मार्च में ढहा दिए थे। दो लोगों ने निचली अदालत में अपील की थी। अप्रैल में एक का मामला निचली अदालत से खारिज होने के बाद बीते अप्रैल में ढहा दिया गया था। निचली अदालत से आंखिरी मामले का निस्तारण होने के बाद शनिवार को वह अतिक्रमण भी जेसीबी लगाकर ढहा दिया गया। मौके पर परिवहन निगम की मंडलीय प्रबंधक (संचालन) पूजा जोशी, डिपो के प्रभारी एजीएम (सहायक महाप्रबंधक) राजेंद्र कुमार, हल्द्वानी डिपो के एजीएम संजय पांडेय, काठगोदाम डिपो के एजीएम गणेश पंत, एजीएम कार्मिक मनोज दुर्गापाल मौजूद थे।