रुद्रपुर रोडवेज बस अड्डे पर होली के पहले की तुलना में होली के दूसरे दिन यात्रियों की संख्या में तो कमी आई ही, चालकों के अवकाश के कारण हरिद्वार रूट पर बसों की संचालन भी प्रभावित रहा। यूपी की बसों का भी कम संचालन हुआ। होली के त्योहार के बाद बहस्पतिवार को लोगों के वापस लौटने की उम्मीद रोडवेज प्रबंधन ने लगाई थी, लेकिन उम्मीद के मुताबिक लोगों ने वापसी नहीं की। चालकों के अवकाश में होने के कारण हरिद्वार रूट पर तीन अनुबंधित बसों का संचालन प्रभावित रहा। हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई परिचालकों के देर से काम पर आने से बसों के समय में देरी हुई। पंजाब रूट की तीन बसों का देहरादून के लिए संचालन किया गया। दोपहर से पहले पंजाब के लिए बस न मिलने के कारण यात्रियों को कई घंटे स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा। दिल्ली, बरेली रूट पर भी यात्रियों की संख्या कम थी। एआरएम मधुसूदन मिश्रा का कहना था कि अनुबंधित बसों के चालक होली के त्योहार के लिए अपने घरों को गए हैं। इस वजह से संचालन प्रभावित हुआ।