किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के आवास विकास में निर्माणाधीन दुकानों पर कार्रवाई के लिए जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) की टीम पुलिस फोर्स के साथ पहुंची। विधायक ने टीम में शामिल अधिकारियों से निर्माण के बाबत पूर्व में कोई नोटिस देने का सवाल पूछे तो वे बगले झांकने लगे। इसके बाद अधिकारी अपने साथ लाए नोटिस को बिना दिए वापस लौट गए। दरअसल, आवास विकास में विधायक बेहड़ की ओर से छह दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। सोमवार की अपरान्ह साढ़े तीन बजे डीडीए के एई कैलाश डंगवाल, जेई हेमंत रावत टीम और आवास विकास चौकी पुलिस के साथ निर्माण स्थल पर पहुंचे। उन्हाेंने कार्रवाई करनी शुरू की तो बेहड़ समर्थकों का जमावड़ा लग गया। सूचना पर बेहड़ भी वहां पहुंच गए। बेहड़ ने कहा कि अगर निर्माण गलत है तो आज तक उनको कोई नोटिस नहीं दिया गया। उनकी रजिस्ट्रीशुदा जमीन है। उन्होंने नक्शा प्राधिकरण में जमा किया है। अगर नक्शा गलत है तो इसकी जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने टीम से पूर्व में नोटिस जारी करने की बात पूछी तो वे जवाब नहीं दे सके। बेहड़ ने हाथ जोड़कर गुजारिश की कि पहले नियमानुसार कार्रवाई करें। वे नोटिस का जवाब देंगे। इसके बाद अधिकारी बिना नोटिस दिए वहां से चले गए। मीडिया ने अधिकारियों से कार्रवाई के बाबत पूबा तो उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। वहां पर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, मोहन खेड़ा, गौरव बेहड़ सहित अनेक मौजूद रहे।