काशीपुर में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए परिवहन विभाग की ओर से शुरू की गई पहल के दूसरे फेस का कार्य शुरू किया गया। रामनगर रोड पर सड़कों के गड्ढों को रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) से भरकर सड़कों को गड्ढा मुक्त किया गया। मंगलवार को परिवहन विभाग की टीम ने रामनगर रोड पर हुए गड्ढों को चिन्हित कर उनकी सफाई की। इसके बाद आरएमसी भरकर सड़कों को गड्ढा मुक्त किया गया। परिवहन विभाग ने पिछले हफ्ते इस मुहिम की शुरुआत की थी। इस मुहिम में नवनिर्वाचित मेयर दीपक बाली ने समर्थन दिया था। अब इसे परिवहन विभाग आगे बढ़ाते हुए शहर की सड़कों को आरएमसी के माध्यम से गड्ढा मुक्त करवा रहा है। इस दौरान एआरटीओ प्रवर्तन जितेंद्र चंद्र, परिवहन कर अधिकारी सचिन कुमार, परिवहन आरक्षी सोनू कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।