28 जनवरी से 14 फरवरी तक होने वाले राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों को लेकर डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकारियों से कहा है कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराएं। बृहस्पतिवार को बैठक लेते हुए एसडीएम, जिला क्रीडा अधिकारी को निर्देश दिया कि वे स्पोर्टस स्टेडियम में किए जा रहे कार्यो को त्वरित गति से कराएं और स्टेडियम में जो भी छोटे-छोटे कार्य कराए जाने हैं उनकी चेक लिस्ट बनाकर प्रस्तुत करें। कार्यों को टाइम लाईन बनाते हुए पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि वे स्टेडियम के अंदर उचित प्रकाश व्यवस्था के लिए एसडीएम और जिला क्रीडा अधिकारी के साथ संयुक्त सर्वे करें और लाइटिगं लगाना सुनिश्चित करें। साथ ही स्टेडियम की विद्युत सेफ्टी आडिट कराने के भी निर्देश दिए। सीएमओ को रुद्रपुर के सभी सरकारी और प्राइवेट चिकित्सालयों के साथ बैठक कर चिकित्सालयों में खिलाड़ियों के लिए उचित उपचार व्यवस्था की सभी तैयारिया सुनिश्चित कराएंगे। स्टेडियम में एंबुलेंस के साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम तैनात करना सुनिश्चित करेंगे। ताकि खिलाड़ियों को तत्काल मेडिकल सुविधाए मिल सकें। कहा कि राष्ट्रीय खेलों के मैनेजमेंट के लिए इवेंट मैनेजमेंट कंपनी लगाई जा रही है। जो खिलाड़ियों के रहने, खाने, ट्रांसपोर्ट आदि व्यवस्थाए सुनिश्चित करेंगे। इवेंट कंपनी के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए जाएंगे। साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, पंतनगर एयरपोर्ट में खिलाड़ियों की सुविधा के लिए नोडल अधिकारियों के साथ ही हेल्पडेस्क स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने लोनिवि, नगर निगम, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क मार्गो की मरम्मत करें, सफाई करें और साईनेज लगाएं। नगर आयुक्त रुद्रपुर को शहर की सभी स्ट्रीट लाईटें ठीक करने के साथ ही हाइवे से स्पोर्टस स्टेडियम तक और स्टेडियम के आसपास डेकोरेटेड लाईट लगाने के साथ ही राष्ट्रीय खेलों के दौरान साफ-सफाई के लिए अतिरिक्त पर्यावरण मित्र तैनात करने के निर्देश दिये।