काशीपुर शहर के एक होटल में भाजपा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ मनाई गई। इस दौरान सांसद अजय भट्ट ने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस पार्टी के इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली सरकार ने 25 जून 1975 के दिन देश में इमरजेंसी थोपते हुए लोकतंत्र की हत्या करते हुए संविधान का माखौल उड़ाते हुए इसे तहस-नहस कर दिया था। बाजपुर रोड स्थित एक होटल में शुक्रवार को सांसद अजय भट्ट ने प्रेस वार्ता की। इसके बाद उन्होंने वहां लगी आपातकाल से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने आपातकाल के दौरान जेल गए लोकतंत्र सेनानियों को शॉल एवं फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस पार्टी के इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली सरकार ने इमरजेंसी लगाकर रातों रात देश के एक लाख से ज्यादा लोगों को जेल में बंद कर दिया था। पत्रकारों और उनकी प्रिंटिंग प्रेसों को बंद कर दिया था। वहां पर जिला अध्यक्ष मनोज पाल, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, महापौर दीपक बाली, जसपुर के पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन आदि थे।