काशीपुर नगर निगम प्रशासन ने शहर के सर्वांगीण विकास और रोजगार के लिए निगम की अनुपयोगी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर 500 दुकानें बनाने का लक्ष्य रखा है। पहले चरण में तीन स्थानों पर 68 दुकानें बनाई जाएंगी। मेयर दीपक बाली और नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने बृहस्पतिवार को निगम कार्यालय में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि काशीपुर को प्रदेश का रोल मॉडल शहर बनाने के लिए ठोस और व्यावहारिक कदम उठाए जा रहे हैं। निगम प्रशासन किसी तरह के भी टैक्स नहीं बढ़ा रहा है बल्कि निगम अपनी आय के नए संसाधन विकसित कर रहा है। इसी क्रम में निगम क्षेत्र में अनुपयोगी पड़ी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराकर दुकानों का निर्माण कराएगा। इससे एक ओर निगम की आय बढ़ेगी तो दूसरी ओर स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। मेयर बाली ने बताया कि निगम ने क्षेत्र में 500 दुकान निर्माण का लक्ष्य रखा है। इससे निगम की आय में लगभग 100 करोड़ रुपये की वृद्धि का अनुमान है। प्रथम चरण में कुल 68 दुकानों का निर्माण होगा। इनमें गुरुद्वारा रोड पर आनंद नर्सरी के पास 32, नमन स्वीट्स के सामने कोर्ट रोड पर आठ और कुंडेश्वरी रोड पर साईं मंदिर के पास 28 दुकानें बनाई जाएंगी। इन दुकानों की नीलामी 19-20 दिसंबर को होगी। इस दुकानों से निगम को लगभग 15 करोड़ रुपये की आय और प्रतिवर्ष करीब 50 लाख रुपये किराया प्राप्त होने का अनुमान है। इस आय का उपयोग नगर के चहुंमुखी विकास, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, सड़क और नालियों के सुधार जैसे कार्यों में किया जाएगा। 26 दुकानें आरक्षित नगर निगम प्रशासन पहले चरण में 68 दुकानों का निर्माण करा रहा है जिसमें से 26 दुकानों को आरक्षित किया है। वहीं 42 दुकानें सामान्य जाति के लिए होंगी।