रुद्रपुर के बागवाला में आयोजित सरकार जन-जन के द्वार बहुउद्देशीय शिविर में 2260 लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया गया। शिविर में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद जिले के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने जनता से सीधा संवाद कर समस्या सुनी। न्याय पंचायत बिगवाड़ा के राजकीय इंटर कॉलेज बागवाला में प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बहुद्देशीय शिविर में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, टूल किट, ह्वील चेयर, महालक्ष्मी किट, जॉब कार्ड और विभिन्न प्रमाणपत्र वितरित किए गए। शिविर में बिजली, पानी, सड़क आदि जन समस्याओं से संबंधित 49 शिकायतें प्राप्त हुईं। 39 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। तीन दिव्यांगों को ह्वीलचेयर, पांच को श्रवण यंत्र दिए गए। दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। शिक्षा विभाग ने छह छात्राओं को साइकिल के चेक दिए। श्रम, समाज कल्याण, सेवायोजन, वन, उद्योग, पंचायती राज, पूर्ति विभाग, डेयरी, पशुपालन विभाग ने लोगों को लाभांवित किया। सरकारी विभागों ने स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी।