भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस दौरान भाजपा और स्थानीय पुलिस-प्रशासन के सहयोग से रन फॉर यूनिटी मैराथन का आयोजन किया गया। आईटीआई थाना पुलिस की ओर से चैती मंदिर से लेकर आईटीआई थाना तक रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। सीओ दीपक सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। उधर रामनगर रोड स्टेडियम में पांच किलोमीटर लंबी रन फॉर यूनिटी का आयोजन हुआ। इसमें विभिन्न स्कूलों के छात्रों के अलावा रोवर्स रेंजर्स, एनएसएस, डिग्री कॉलेज के छात्रों और एनसीसी यूनिट की टीम ने भाग लिया। ट्रैफिक पुलिस और सीपीयू टीम ने छात्रों को दोपहिया वाहन में हेलमेट और चौपहिया वाहनों में सीट बेल्ट की अनिवार्यता पर विस्तार से बताया। इस दौरान विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि हमारी सोच और यह मिशन है कि हर जाति धर्म, हर संस्कृति के साथ हमारा देश है। हम सभी लोग एक साथ मिलकर आगे बढ़े और हमारा जो 2047 में विकसित भारत का सपना है, वह साकार हो सके। इस दौरान निशुल्क स्वास्थ्य व पैंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। यहां पर भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, पीसीयू चैयरमैन राम मेहरोत्रा, एसडीएम अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पंकज चंदौला, कोतवाल हरेंद्र चौधरी, एसएसआई अनिल जोशी आदि मौजूद रहे।