भिलंगना ब्लॉक के कठुड़ हिंदाव पट्टी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धमातोली को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत किए जाने पर क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। विद्यालय के उच्चीकरण को क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए ग्रामीणों ने विधायक शक्ति लाल शाह का आभार जताया। क्षेत्रवासी विधायक के आवास पर पहुंचे और उन्हें गुलदस्ता भेंट कर विद्यालय को इंटर स्तर पर उच्चीकृत कराने के लिए धन्यवाद दिया। ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय के इंटर स्तर तक उच्चीकृत होने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अब आगे की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों को राहत मिलेगी। इस अवसर पर विधायक शक्ति लाल शाह ने कहा कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धमातोली की नींव उनके पूर्वजों ने रखी थी। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का सौभाग्य मिला कि पहले विद्यालय को जूनियर स्तर से हाईस्कूल स्तर तक उच्चीकृत कराया और अब इसे इंटरमीडिएट स्तर तक पहुंचाने का अवसर मिला है। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कई विद्यालयों में विज्ञान वर्ग शुरू कराने के लिए भी शासन स्तर पर प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि निवालगांव स्थित विद्यालय के उच्चीकरण को लेकर भी शासन स्तर पर वार्ता चल रही है और इसके लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यालय के इंटर स्तर पर उच्चीकृत होने से क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि अब स्थानीय बच्चों को अपने ही क्षेत्र में उच्च माध्यमिक शिक्षा की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा से जुड़े अन्य आवश्यक कार्यों को भी प्राथमिकता से आगे बढ़ाने की मांग रखी।