विकासखंड अगस्त्यमुनि अंतर्गत ग्राम महड में ग्रामोत्थान परियोजना के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शिव शक्ति स्वायत्त सहकारिता, महड में समूह की महिलाओं को फ्रूट प्रोसेसिंग का दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए ग्रामोत्थान परियोजना के वित्तीय सहयोग से फ्रूट प्रोसेसिंग यूनिट के रूप में एक सामुदायिक उद्यम की स्थापना की गई है। महिलाओं को उद्योग विभाग, रुद्रप्रयाग द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान अमरूद की जैली, सेब का जैम, मिक्स अचार, चटनी सहित विभिन्न मूल्य संवर्धित उत्पाद तैयार करना सिखाया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए फ्रूट प्रोसेसिंग प्रशिक्षण एक प्रभावी माध्यम है।