केदारनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 11 लाख के पार पहुंच चुकी है। इसी बीच उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां भी सामने आ रही हैं। वहीं यात्रा अवधि में अब तक 40 गंभीर हृदय रोगियों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर करना पड़ा है। आंकड़ों के मुताबिक अब तक 11,23,013 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं, जबकि 1,10,504 यात्रियों की ही स्वास्थ्य स्क्रीनिंग हो सकी है। यानी कुल यात्रियों में करीब 10 प्रतिशत की ही स्वास्थ्य जांच हुई है। ऐसे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बिना स्क्रीनिंग के ही यात्रा कर रहे हैं। वहीं विभाग के अनुसार अब तक 232 यात्री हृदय संबंधी शिकायतों के साथ ओपीडी में पहुंचे हैं। वहीं कुल 1,59,763 श्रद्धालुओं को ओपीडी एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए सोनप्रयाग, सीतापुर, विभिन्न पार्किंग स्थलों और हेलीपैडों पर स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई स्पंदन मशीनों के माध्यम से यात्रियों की हृदय संबंधी जांच की जा रही है। अब तक 1500 से अधिक ईसीजी जांच की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में हृदय और श्वास संबंधी रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है तथा यात्रा शुरू करने से पहले स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराना चाहिए।