पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए जल पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। सुरक्षा के मद्देनज़र त्रिवेणी घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर जल पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। जल पुलिस द्वारा यात्रियों और स्थानीय लोगों को गंगा के गहरे पानी में न जाने की सख्त हिदायत दी जा रही है। घाटों पर मुनादी के माध्यम से लोगों को सचेत किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। प्रशासन की ओर से भी अलर्ट जारी किया गया है और तीर्थयात्रियों से अपील की गई है कि वह गंगा स्नान के दौरान पूरी सतर्कता बरतें और जल पुलिस के निर्देशों का पालन करें।