ऋषिकेश नरेंद्र नगर क्षेत्र के दोगी पट्टी ससमन गांव की एक महिला को देहरादून रोड स्थित पेनिशिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार महिला बीते बुधवार से रसोली के ऑपरेशन के लिए अस्पताल में भर्ती थी। शनिवार सुबह जैसे ही डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन शुरू किया और पेट खोला, डॉक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने बताया कि महिला की आंतें आपस में चिपकी हुई हैं और स्थिति गंभीर हो सकती है। अस्पताल में पर्याप्त संसाधन न होने का हवाला देते हुए मरीज को रेफर कर दिया गया। रेफर किए जाने की बात सुनकर परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि अस्पताल में प्रशिक्षित चिकित्सक मौजूद होने के बावजूद मरीज को सही इलाज नहीं दिया जा रहा। परिजनों का कहना है कि अस्पताल मरीजों से पैसा वसूल कर उनकी जान से खिलवाड़ कर रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और गुस्साए परिजनों को समझाने का प्रयास किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।