लाडली से दरिंदगी करने वाले दोषी को बरी करने पर लोगों में आक्रोश है। खिलाड़ी भी दोषी को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं। स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहुंंचे खिलाड़ियों ने सरकार से लाडली को न्याय दिलाने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। कहा कि सरकार को रिव्यू पिटीशन दायर करनी होगी। ऐसा नहीं हुआ तो वे सड़कों पर उतरेंगे। स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों ने जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेंद्र लुंठी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी के काठगोदाम में छह साल की मासूम के साथ दरिंदगी कर उसकी हत्या कर दी गई। तब उच्च न्यायालय ने दोषी को फांसी की सजा देकर सराहनीय कदम उठाया। सर्वोच्च न्यायालय से दोषी बरी हो गया। लाडली के साथ दरिंदगी करने वाले का बरी होना सरकार की कार्यशैली के साथ ही न्याय व्यवस्था पर सवाल है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे फैसले होते रहेंगे तो प्रदेश और देश में इस तरह की दरिंदगी से पीड़ित महिलाओं और बेटियों को न्याय मिलना मुश्किल हो जाएगा। वे हमेशा ही इस तरह की दरिंदगी का शिकार होती रहेंगी।