पिथौरागढ़ में अनिवार्य रूप से रसोई गैस की होम डिलीवरी करने के जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद लोग सुबह से लाइन में लगकर गैस वाहन का इंतजार कर रहे हैं। लोग संशय में हैं कि होम डिलीवरी शुरू होने पर भी न जाने कब उनको गैस मिल पाएगी। रविवार को जिला मुख्यालय में अपटेक तिराहा, टकाना में विकास भवन के पास यही स्थिति देखने को मिली। अनेक उपभोक्ताओं का कहना था कि वह पिछले तीन-चार दिन से लगातार आ रहे हैं, लेकिन बुकिंग के बावजूद उनको सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। गाड़ी रोज आ रही है परंतु पर्याप्त सिलिंडर नहीं आने से उनको खाली सिलिंडर घर ले जाना पड़ रहा है। यह कहने पर कि जिलाधिकारी ने गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी के सख्त निर्देश दिए हैं और बीते शनिवार को दोपहर बाद होम डिलीवरी शुरू कर दी गई है, इस पर उपभोक्ताओं ने सवाल किया कि इतने सिलिंडर घरों तक पहुंचाए कौन तथा कब सिलिंडर घर पर आएगा, इसकी पक्की जानकारी नहीं मिल रही। ऐसे में उनको यहीं लाइन में लगकर सिलिंडर मिल जाए तो अपने अन्य काम करें। क्याेंकि कुछ रोज से लगातार वितरण स्थल पर आने के बावजूद उनका नंबर आने तक सिलिंडर खत्म हो जा रहे हैं। नगर के टकाना में गैस वितरण कार्मिक राजेंद्र खत्री ने बताया कि करीब 80 सिलिंडर आए जिसमें से 30-40 सिलिंडर लाइन में खड़े लोगों को बांट दिए, शेष को घरों तक पहुंचाया जा रहा है। बताया कि इसके अलावा गाड़ी शहर में सिनेमा लाइन और जगदंबा कालोनी में करीब 500 सिलिंडर बांटकर आई है। राजेंद्र ने यह भी कहा कि एक वितरण स्थल पर करीब तीन-चार कर्मचारी बांटने वाले होते हैं। ऐसे में सिलिंडर पैदल घरों तक छोड़ने और खाली वापस लाने में थोड़ा समय लग जाता है। लिंक रोड में अपटेक तिराहे पर गैस वितरण कर्मी प्रकाश पांडे ने कहा कि 70 सिलिंडर लाइन में लगे लोगों को बांटे गए। बचे 15-20 सिलिंडर की होम डिलीवरी की जा रही है।