पिथौरागढ़ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.एसएस नबियाल ने जिले के ग्रामीणों से जंगली मशरूम न खाने की अपील की है। बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में कई गांवों में लोग जंगली मशरूम की सब्जी खाते हैं। इनमें से अधिकांश मशरूम जहरीला होता है। इस कारण लोग बीमार हो जाते हैं। मशरूम का असर देर से होने के कारण कई बार मरीज की जान पर बन आती है। मशरूम की सब्जी खाने से पिछले दिनों दो लोगों की मौत हो गई थी। जिसका बेहद दुख है। इसके बाद मुनस्यारी के ही कुछ गांवों की महिलाएं मशरूम और लिंगुण की सब्जी खाने से बीमार पड़ गई थीं। उन्हें समय पर उपचार मिलने से जान बच गई। मशरूम की सब्जी खाने से बीमार धारचूला के चार लोगों का वर्तमान में जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। सीएमओ डॉ.नबियाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग लोगों को लगातार जागरूक कर रहा है। जिस तरह से जंगली मशरूम की सब्जी खाने के कारण लोगों के बीमार होने के मामले सामने आ रहे हैं उसे देखते हुए लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से जंगली मशरूम का सेवन न करने का अनुरोध किया है।