पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी क्षेत्र के पातों निवासी प्रदीप सिंह दरियाल और बोरागांव की बसंती देवी की हत्या की आशंका जताते हुए लोगों ने विकासखंड मुख्यालय में कैंडल मार्च निकाला। लोगों ने आरोप लगाया कि दोनों की हत्या हुई है। पुलिस को इन मामलों में गंभीरता से जांच करनी चाहिए। लोगों ने दोनों मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए दो मिनट का मौन भी रखा। मुनस्यारी बचाओ संघर्ष समिति के बैनर चले बुधवार को शास्त्री चौक से नगर में क्षेत्रवासियों ने कैंडल मार्च निकाला गया। समिति के संयोजक और पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगत सिंह मर्तोलिया ने कहा कि छह अक्तूबर से लापता प्रदीप दरियाल का पिछले दिनों शव मिला। अब तक पुलिस ने उसकी मौत के कारणों को लेकर कोई पुख्ता आधार नहीं दिया है। इसी तरह बसंती देवी की मौत के मामले में भी पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। लोगों ने कहा कि पुलिस जिस ढंग से जांच कर रही है उससे स्पष्ट है कि मामलों का खुलासा करना उसके वश में नहीं है। लोगों ने दोनों मामलों में हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि नौ नवंबर तक जनता दोनों के हत्यारों का सलाखों के पीछे देखना चाहती है। यदि ऐसा नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।