विगत माह 5 व 6 अगस्त को हुई बरसात के बाद नगर के ग्लास हाउस सड़क पर हुए भू धंसाव का दायरा बढ़ रहा है। लगातार हो रही बरसात और सड़क पर हो रहे भू धंसाव के कारण इस जगह के आस-पास रह रहे लोग खतरे के साये में रातें गुजारने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों को आवाजाही करने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लगभग एक माह बीतने के बावजूद ट्रीटमेंट कार्य शुरू न किए जाने पर लोगों में रोष है। ग्लास हाउस सड़क पर भू धंसाव होने के बाद इसके निकटवर्ती एक मकान की नींव में दरारें और गहरा गई हैं। जबकि ठीक इसके ऊपर एक मकान की आंगन में दरारें और बढ़ गई हैं। हाईटेंशन लाइन भी सड़क पर काफी नीचे झूल रही है। प्रशासन द्वारा एहतियातन यहां पर बिछाई गई काली प्लास्टिक भी भू धंसाव बढ़ने के कारण फटने लगी है।