नैनीताल शहर में गैस सिलिंडर की किल्लत बनी हुई है। मंगलवार को भी सुबह सात बजे डांठ लाइन लगनी शुरू हुई। मल्लीताल में भी सिलिंडर के लिए लाइन शुरू हो गई। यहां सिलिंडर वाहन आने के बाद स्पॉट से सम्बंधित लोगों को ही गैस देने के एलान पर लाइन में खड़े लोग भड़क गए। उधर मल्लीताल में लोगों ने गैस वाहन रोक दिया। जिसके बाद गैस प्रबंधक अंकिता पांडे को मौके पर आना पड़ा। इसके बाद वह तल्लीताल डांठ भी पहुंची। लोगों से अपील की कि स्पॉट पर लाइन न लगाएं। बुकिंग व डीएसी नंबर के आधार पर गैस घर भेजी जाएगी। जिलाधिकारी के माध्यम से भी इसके सख्त निर्देश दिए गए हैं। सीनियर सिटीजन की उन्हें प्रथमिकता कि मांग पर उन्होंने वरिष्ठ लोगों को भी घर सिलिंडर पहुंचाने का आश्वासन दिया। डांठ में लगभग एक बजे तक सिलिंडर बांटे गए। लाइन में लगने के बाद भी सिलिंडर न मिलने पर नाराज लोगों ने अधिकारियों से सवाल किया कि उन्हें सिलिंडर कब मिलेंगे। गैस प्रबंधक अंकिता पांडे का कहना है कि स्टोर में भरपूर सिलिंडर हैं और लगातार आ भी रहे हैं। माहौल को पैनिक न बनाएं।