नैनीताल शहर में वर्ष 1858 से स्थापित सीआरएसटी इंटर काॅलेज ने अब विद्यार्थियों को न्यूनतम शुल्क पर अत्याधुनिक शिक्षा देने की पहल शुरू की है। इस वर्ष से प्राथमिक में अंग्रेजी विषय की पढ़ाई शुरू कर दी गई है। छठी से इंटर तक के लिए भी अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा देने का प्रस्ताव है। यहां गोष्ठी, व्याख्यान के साथ ही खेल गतिविधियां, रचनात्मक कार्यक्रम समेत विद्यार्थियों को स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास भी किए जाएंगे। विद्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रबंधक पद्मश्री अनूप साह ने बताया कि शहर का एकमात्र विद्यालय है जहां वाणिज्य विषय की पढ़ाई होती है। विद्यालय में अंग्रेजी में प्राथमिक शिक्षा, जूनियर से इंटर तक के विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर प्रयोगशाला विकसित की गई है। विद्यालय में ऑडिटोरियम तैयार किया जा चुका है। इसमें फोटोग्राफी, नाट्य, पेंटिंग आदि विषयों के विशेषज्ञों के व्याख्यान कराए जाएंगे। इसके अलावा अंतर विद्यालयी टेबल टेनिस, बैडमिंटन आदि प्रतियोगिताएं होंगी। इस मौके पर कूर्मांचल बैंक के पूर्व अध्यक्ष आलोक साह, प्रधानाचार्य मनोज पांडे, उप प्रधानाचार्य डॉ. सोभन बिष्ट आदि मौजूद रहे।