अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में 15वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की ओर से इंटर बटालियन स्वीमिंग प्रतियोगिता हुई। इसमें तीन राज्यों की चार टीमों ने 11 इवेंट में हिस्सा लिया। लुधियाना (पंजाब) की 13वीं वाहिनी के तैराक पहले पायदान पर रहे। बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के मानसखंड परिसर में तैराकी मुकाबले शुरू हुए। बादलों और हल्की ठंडी हवा के बीच तैराकी स्पर्धा में हिस्सा ले रहे एनडीआरएफ के जवानों का जज्बा देखने लायक रहा। इसमें उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश से एक-एक और पंजाब की दो टीमों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक टीम में आठ-आठ जवान शामिल थे। इसमें गदरपुर की 15वीं वाहिनी दूसरे, हिमाचल प्रदेश की की 14वीं वाहिनी तीसरे और बठिंडा पंजाब की 7वीं वाहिनी चौथे स्थान पर रही। सहायक कमांडेंट सुरेश जोशी ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम जोनल स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेगी। कहा कि यह प्रतियोगिता फिटनेस और अनुशासन को बढ़ाने के साथ ही टीम भावना को भी मजबूत करती है।