नैनीताल के भीमताल-हल्द्वानी मार्ग पर आमडाली के पास एक रोडवेज बस 150 फुट गहरी खाई में गिर गई। एक कार को बचाने के प्रयास में यह दर्दनाक हादसा हुआ। दुर्घटनाग्रस्त बस के चालक का कहना है कि हल्द्वानी से भीमताल की तरफ आ रही कार लंवा मोड़ काटते हुए बस के अचानक सामने आ गई और उसे बचाने के चक्कर में हादसा हो गया। हल्द्वानी डिपो के घायल चालक रमेश चंद्र पांडे को एसटीएच लाया गया। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने बताया कि बस भीमताल से निकली ही थी कि आमडाली के पास एक तेज रफ्तार कार हल्द्वानी से आ रही थी। मोड़ काटते समय कार विपरीत दिशा में पहुंच गई, उसे बचाने के लिए मैंने बस पैरापिट की तरफ काटी। बस पैरापिट से टकरा गई। मैंने बस को सड़क की तरफ लाने की काफी कोशिश की, लेकिन बस खाई में गिर गई। हादसा होते ही कार चालक भाग गया।