राजभवन गोल्फ क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय 20वां गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट शुक्रवार से शुरू हो गया है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने टी-ऑफ कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इसमें देशभर से आए रिकॉर्ड 177 गोल्फर प्रतिभाग कर रहे हैं। पहले दिन शुक्रवार को 70 गोल्फर खेले, जिनमें 06 महिलाएं, 46 युवा और 18 जूनियर गोल्फर शामिल रहे। राज्यपाल ने कहा कि राजभवन गोल्फ कोर्स का नैसर्गिक सौंदर्य देश के अन्य गोल्फ कोर्स से बिल्कुल अलग है। खिलाड़ी गोल्फ खेलने के साथ ही प्रदेश की नैसर्गिक सुंदरता समेत पर्यटन स्थलों का भी लुत्फ उठा सकेंगे। राजभवन गोल्फ कोर्स खेल, प्रकृति और आत्मिक शांति का संगम है, जहां खेलना एक अलग ही अनुभव है। टूर्नामेंट में 06 वर्ष के बच्चे से लेकर 80 वर्ष तक के सुपर वेटरन के खेलने से प्रतियोगिता की रोचकता बढ़ी है।