कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने बरसात से पहले शहर के कैचमेंट में स्थित नाले समेत अन्य नाले-नालियों को साफ करने के निर्देश दिए। शहर में सफाई व्यवस्था बनाने के निर्देश देते हुए लोगों से खुले में कूड़ा न फेंकने की अपील की। बृहस्पतिवार शाम कुमाऊं की आयुक्त दीपक रावत ने तल्लीताल टोल चुंगी का निरीक्षण किया। उन्होंने यूपीआई से लिया जा रहा शुल्क व पर्चियों की भी जांच की। टोलकर्मिंयों को पर्ची काटने में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद आयुक्त ने मॉलरोड पर सफाई व्यवस्था की जांच की। जांच के दौरान उन्होंने पालिका की सफाई व्यवस्था की तारीफ की। कुमाऊं आयुक्त ने माॅलरोड पर नालियों का जायजा लिया। सड़कों पर पानी बहने की समस्या पर आयुक्त ने पालिका से हर सप्ताह नालियों की सफाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पंत पार्क में लग रहे फड़ों का निरीक्षण किया। इस दौरान फड़ व्यवस्थित रूप से लगे पाए गए। आयुक्त ने पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया। आयुक्त रावत ने कहा कि लोगों की शिकायत थी कि टोल चुंगी पर पर्ची काटने में देरी होने पर जाम लगने की समस्या आ रही है। इस पर पची तेज काटने के निर्देश भी दिए। कहा कि टोल और पार्किंग शुल्क से मिलने वाला रेवन्यू में पारदर्शिता होनी चाहिए।