हरिद्वार शहर में लगातार लग रहे जाम और यात्रियों की परेशानी को देखते हुए पुलिस ने रोडवेज बस अड्डा और रेलवे स्टेशन के आसपास सख्त अभियान चलाया। सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े होकर जाम लगाने वाले विक्रम और टैम्पो चालकों पर कार्रवाई की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में शनिवार को शिवमूर्ति चौक से रोडवेज बस अड्डा और रेलवे गेट तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस क्षेत्र में रोजाना टैम्पो और विक्रम चालक सड़क किनारे व बीच सड़क पर वाहन खड़े कर सवारियां भरते थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए कुल 24 विक्रम और टैम्पो को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया। इसके अलावा 26 अन्य विक्रम और टैम्पो चालकों के मौके पर नकद चालान काटते हुए 13 हजार रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया।