देश के बड़े मंदिरों में चोरी के मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने न्यायकारी गोल्ज्यू देवता के मंदिर में गुहार लगाई और उपवास रखा। इस दौरान भगवान गोल्ज्यू से धर्म के नाम पर लोगों को ठगने वाली सरकार को दंड देने की गुहार लगाई। बुधवार को न्यायकारी देवता गोल्ज्यू मंदिर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर उपवास रखा। उन्होंने भाजपा सरकार पर लोगों को धर्म के नाम पर ठगने का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा सरकार धर्म की बात करती है और राज्यों में उनकी सरकार होने के बाद भी राम मंदिर, केदारनाथ के मंदिरों से चढ़ावे और चंदे के नाम पर करोड़ों रुपये की चोरी हो रही है जो देश के लिए बड़ा दुख का विषय है। जिलाध्यक्ष चिराग ने कहा कि राम मंदिर के नाम पर लोगों ने करोड़ों रुपये दान दिए थे लेकिन भाजपा सरकार ने उस दान किए चंदे को भी नहीं छोड़ा और सब घोटाला कर दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग भगवान को नहीं छोड़ते वो इंसानों को क्या छोड़ेंगे। सभी कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि इस घोटाले में शामिल लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इस दौरान उपवास कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री निर्मला गहतोड़ी, मनीष महर, दिग्विजय कार्की, ब्लॉक अध्यक्ष उमेश शर्मा, नीरज वर्मा, मुरलीधर जोशी, नीरज पांडे, कमल आदि रहे।