क्षेत्र में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच उप जिलाधिकारी पंकज भट्ट ने सोमवार को थराली स्थित गैस एजेंसी और गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गैस भंडारण, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं की बुकिंग से संबंधित जानकारी विस्तार से ली। उप जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र के लोगों द्वारा गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध न होने और वितरण में देरी की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने थराली स्थित गैस गोदाम और एजेंसी का अचानक निरीक्षण किया। ताकि वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके।